
नर्मदापुरम / सोमवार को आयोजित समय सीमा की बैठक में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने जिले के शासकीय विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में वर्षा उपरांत आवश्यक मरम्मत एवं रंग-रोगन का कार्य सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) एवं जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को निर्देशित किया कि जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। शिक्षा विभाग इन व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करे तथा विद्यार्थियों की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराए।
किसान हितों के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी…..
बैठक के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों (एसडीएम) को किसान हित से जुड़े मामलों में सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान हितों के मामले में जिला प्रशासन द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को खाद, उर्वरक, बीज एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं। उन्होंने एसडीएम को अपने-अपने अनुविभागों में खाद-बीज की उपलब्धता सहित किसान हित से जुड़े विभिन्न विषयों का रेंडम निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए की अमानक खाद बीज एवं खाद की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए तथा आवश्यकता अनुसार उन पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाए।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग को झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा प्रत्येक विकासखंड में स्वास्थ्य विभाग राजस्व विभाग के सहयोग से संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई सुनिश्चित करे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध की जाने वाली कार्रवाई के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर को भी अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की विभागवार समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से लिया जाए। अधिकारी अपने-अपने विभाग की लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा उनके निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उपार्जन का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान उपार्जन की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं। कृषि, खाद्य एवं अन्य संबंधित विभाग अपने मैदानी अमले को सक्रिय करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि उपार्जन कार्य व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिला विपणन अधिकारी को निर्देशित किया कि किसानों की आवश्यकता के अनुरूप खाद की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शासन स्तर पर समय-समय पर मांग पत्र प्रेषित किए जाएं। उन्होंने कहा कि समितियों में खाद का अनावश्यक भंडारण नहीं किया जाए। आवश्यकता के अनुरूप खाद का भंडारण करते हुए किसानों को उसका निरंतर वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें कृषि कार्यों के लिए खाद की उपलब्धता में परेशानी न हो।
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत पंजीयन कार्य की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को सूक्ष्म स्तर पर रणनीति तैयार कर पंजीयन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीयन कार्य में आने वाली तकनीकी समस्याओं का समय रहते निराकरण किया जाए। इसके लिए संबंधित विकासखंड स्तर पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि तकनीकी बाधाओं के कारण कार्य प्रभावित न हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित अधिकारी जिला कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा से संपर्क कर उसका समाधान सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजना के तहत पंजीयन कार्य को गति प्रदान करें।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस कार्यक्रम के आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं। बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन एवं पर कलेक्टर राजेश शुक्ला सहित अन्य समस्त अधिकारी गण उपस्थित रहे।

