

नर्मदापुरम / इटारसी / महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला नर्मदापुरम के निर्देशानुसार मिशन शक्ति अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर दिनांक 11 से 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के कैलेंडर के क्रम में आज दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को शासकीय माध्यमिक शाला रामगढ़, पुरानी इटारसी में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शपथ ग्रहण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उक्त गतिविधि जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, जिला नर्मदापुरम द्वारा जारी पत्र दिनांक 09 अक्टूबर 2026 के अनुपालन में आयोजित की गई। विभागीय गतिविधि कैलेंडर के अनुसार 12 अक्टूबर को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता, शपथ ग्रहण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाना निर्धारित है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, विद्यालयीन शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिका, एएनएम एवं विद्यालय की बालिकाओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने तथा बाल विवाह की रोकथाम में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया। उपस्थितजनों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा समाज में बाल विवाह के प्रति जागरूकता फैलाने और बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती रेखा चौरे, विद्यालय के शिक्षक कृष्ण कुमार सेजकर, श्रीमती पुष्पा साहू, श्रीमती मनीषा बढ़कुर, श्रीमती प्रतिज्ञा चौहान, एएनएम श्रीमती अर्चना पटेल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती नसीम बानो एवं श्रीमती मंजुला बाघमारे, सहायिका, वार्ड की महिलाएं तथा विद्यालय की बालिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक जिम्मेदारी निभाने, बालिकाओं को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया गया।

