
नरसिंहपुर / प्रदेश के अशासकीय विद्यालयों के संगठन SOPAS द्वारा नरसिंहपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रवीण पणिकर ने सहभागिता की। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश के निजी विद्यालयों को फीस प्रतिपूर्ति की राशि के अंतर्गत कुल ₹502 करोड़ की राशि वन क्लिक के माध्यम से वितरित की गई। इस राशि से प्रदेश के हजारों अशासकीय विद्यालयों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर SOPAS के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रवीण पणिकर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्कूल शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों को फीस प्रतिपूर्ति राशि का वितरण शिक्षा व्यवस्था में निजी विद्यालयों के योगदान को मान्यता देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. पणिकर ने शासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान, फीस प्रतिपूर्ति के नियमित भुगतान तथा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शासन और निजी विद्यालय संगठनों के बीच सकारात्मक संवाद एवं सहयोग निरंतर बना रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यालय संचालकों ने भी फीस प्रतिपूर्ति की राशि जारी किए जाने पर मध्यप्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

