
नर्मदापुरम / शहर के सदर बाजार अंतर्गत वार्ड क्रमांक 09 (गुप्ता नर्सिंग होम के पीछे) में स्थापित गणेश पंडाल की बिजली काटने और विरोध करने पर रहवासियों के साथ अभद्रता व झूठे केस में फंसाने की धमकी का मामला सामने आया है। वार्डवासियों ने इस घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक को एक लिखित शिकायती आवेदन सौंपकर संबंधित विद्युत कर्मचारियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आरती के दौरान बत्ती गुल करने का आरोप शिकायत पत्र के अनुसार, वार्डवासी पिछले 25-30 वर्षों से इसी स्थान पर गणेश जी की प्रतिमा स्थापित करते आ रहे हैं। दिनांक 26 सितंबर को दोपहर लगभग 11 से 12 बजे के बीच, जब पंडाल में गणेश जी की आरती चल रही थी, तभी विद्युत मंडल के लगभग 8 कर्मचारी वहां पहुंचे और पंडाल की पूरी लाइट निकाल दी। महिलाओं से धक्का-मुक्की और गाली-गलौज रहवासियों का कहना है कि जब वहां मौजूद महिलाओं ने बिजली निकालने का कारण पूछा, तो कर्मचारी अभद्र भाषा पर उतर आए। आरोप है कि कर्मचारियों ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की की। जब स्थानीय पुरुषों ने बीच-बचाव व विरोध किया, तो कर्मचारियों ने मां-बहन की अशोभनीय गालियां देते हुए झूमा-झटकी शुरू कर दी।
झूठे केस में जेल भेजने की दी धमकी आरोप है कि बिजली कर्मचारियों ने कहा कि “तुम पंडाल में बहुत सारी लाइट जला रहे हो” और विवाद बढ़ाते हुए धमकी दी कि “हम तुम्हारी थाने में झूठी शिकायत कर तुम लोगों को जेल भिजवा देंगे।” वार्डवासियों का कहना है कि उनकी ओर से किसी भी कर्मचारी से कोई बदतमीजी नहीं की गई, बल्कि कर्मचारियों द्वारा ही अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई है। समस्त वार्डवासियों ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी विद्युत कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।

