
नर्मदापुरम / पंडित रामलाल शर्मा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बुधवाड़ा, नर्मदापुरम में आज नशा मुक्ति रैली का आयोजन किया गया।
रैली में महाविद्यालय के बी.एड., बी.कॉम., बी.ए. के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने पूरे परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में रैली निकालकर नशा मुक्ति के जोरदार नारे लगाए —
– *”नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”*
– *”नशे को ना कहो, जीवन को हां कहो”*
– *”नशा मिटाएं, खुशियां लाएं”*
– *”नशा हो दूर, शिक्षा हो पास – अपने जीवन को सुंदर बनाएं”*
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि नशा किस प्रकार हमारे स्वास्थ्य, परिवार, समाज और भविष्य को बर्बाद करता है। उन्होंने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो विकसित भारत 2047 का संकल्प साकार होगा।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को नशे से बचने के उपायों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी और प्रेरित किया कि विद्यार्थी स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने साथियों, रिश्तेदारों और आस-पड़ोस के लोगों को भी नशा मुक्त रहने और स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करें।
रैली में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

