
नर्मदापुरम / सदर बाजार के पास गुप्ता नर्सिंग होम क्षेत्र में अवैध बिजली कनेक्शन और बिजली बिल बकाया होने की शिकायतों की जांच करने पहुंचे विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जांच के दौरान जोन-2 के जेई उमाकांत यादव के साथ चार-पांच लोगों ने विवाद करते हुए मारपीट की, घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार विद्युत वितरण कंपनी को शिकायत मिली थी कि क्षेत्र के कुछ घरों में बिजली के अवैध कनेक्शन किए गए हैं और खंभे से सीधे बिजली ली जा रही है। वहीं कुछ उपभोक्ताओं द्वारा लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं किए जाने की भी शिकायतें थीं। शिकायत के आधार पर विद्युत विभाग की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि जेई उमाकांत यादव ने जांच के दौरान अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने को लेकर पंचनामा तैयार किया। इसी बात को लेकर कुछ लोग भड़क गए और जेई के साथ विवाद करते हुए कथित तौर पर मारपीट कर दी।
घटना की सूचना तत्काल डायल-100 को दी गई। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी कुछ लोगों ने बदसलूकी की। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आरोपियों को पकड़कर थाने पहुंचाया। मामले में पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।
विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध बिजली कनेक्शन और बिजली चोरी की शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही थी। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही मारपीट और अन्य आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

