
नर्मदापुरम / भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय आव्हान पर नई दिल्ली में 30 सितंबर को होने जा रहे अखिल भारतीय महिला सम्मेलन की तैयारी जिले में जोर-शोर से जारी हैं। भारतीय किसान संघ की जिला महिला संयोजिका आरती राजपूत एवं सहसंयोजीका अंजू राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय पदाधिकारियोंका आग्रह है कि प्रत्येक जिले से कम से कम पांच महिला प्रतिनिधि आवश्यक रूप से उपस्थित हो, उसकी तैयारी पूरी कर ली गई है और रिजर्वेशन भी करवा लिए गए हैं। इस कार्यक्रम के लिए जिले की महिलाओं में विशेष उत्साह है और अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं को उक्त आयोजन में जाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों और किसानी में महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने किसान समाज में विशेष कर महिला वर्ग में किसानों के अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करने उन्हें राष्ट्र की मुख्य धारा में शामिल करने आदि विषयों पर दिल्ली में गहन चिंतन और मंथन के साथ राष्ट्रीय पदाधिकारी महिला कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे। उनके सुझाव एवं मार्गदर्शन के आधार पर देशभर से एकत्रित महिला कार्यकर्ता गांव-गांव में जाकर महिलाओं के बीच जागरूकता की अलख जगाएगी।

