

नर्मदापुरम / पवित्र नर्मदा नदी में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर नर्मदापुरम सोमेश मिश्रा के सख्त निर्देशों और एसडीएम सिवनी मालवा विजय राय के मार्गदर्शन में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को नर्मदा नदी के तटीय इलाकों में छापेमार कार्रवाई की।
नर्मदा तट पर अवैध उत्खनन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद टीम ने ग्राम कजली और उसके आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी। मौके से अवैध खनन में उपयोग की जा रही 2 पनडुब्बियों और 03 मोटरों को जब्त किया गया है।
प्रशासन के अनुसार जब्त की गई एक पनडुब्बी को थाना शिवपुर और दूसरी पनडुब्बी को थाना सिवनी मालवा की सुपुर्दगी में दिया गया है। आरोपियों के विरुद्ध माइनिंग एक्ट व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन का यह अभियान लगातार जारी है। बीते सप्ताह भी संयुक्त टीम द्वारा दो दिनों तक चलाए गए विशेष अभियान में अवैध खनन में लिप्त 20 पनडुब्बियों की मोटरें जब्त की गई थीं, जिन्हें थाना शिवपुर को सौंपा गया था।
इस कार्रवाई पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्पष्ट कहा है कि “पवित्र मां नर्मदा के तटीय क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन और परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ यह संयुक्त कार्रवाई बिना किसी पक्षपात के निरंतर जारी रहेगी, ताकि नर्मदा तट को अवैध उत्खनन से पूरी तरह मुक्त रखा जा सके।”

