

नर्मदापुरम / रविवार को नर्मदापुरम में एक विशेष और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय सांसद दर्शनसिंह चौधरी द्वारा स्थानीय बच्चों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं के लिए विशेष तौर पर ‘हनुमान अंश’ मूवी का शो बुक किया गया था। यह विशेष शो दोपहर 3 से 6 बजे के बीच आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस अवसर पर नर्मदापुरम के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और नेता उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा, सांसद दर्शनसिंह चौधरी, पूर्व विधायक सविता दीवान शर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित गौर सहित अन्य मंडल अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव ने फिल्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह एक अत्यंत आध्यात्मिक और प्रेरणादायक मूवी है। यह फिल्म महान संत नीम करोली बाबा (महाराज-जी) के अलौकिक जीवन, उनकी पावन आध्यात्मिक यात्रा और उनके अनमोल उपदेशों से गहरी प्रेरणा लेती है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने परिवार और बच्चों के साथ इस फिल्म को देखने जरूर जाएं, ताकि नई पीढ़ी में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों का संचार हो सके।

