
नर्मदापुरम / पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश पचौरी ने पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने हरिद्वार में मिले प्रत्यक्ष आशीर्वाद के संस्मरण को किया याद। मां गायत्री के अनन्य उपासक एवं शांतिकुंज हरिद्वार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जयंती के पावन अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश पचौरी ने उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।
सुरेश पचौरी ने अपने संदेश में कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने आध्यात्मिक चेतना, युग निर्माण और समाज सुधार के पावन कार्य के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने गायत्री साधना और उच्च नैतिक मूल्यों के माध्यम से जन-जन में आत्म जागरण और सकारात्मक परिवर्तन की अलख जगाई, जिसने लाखों लोगों के जीवन की दिशा बदल दी। आचार्य जी के साथ अपने आत्मीय पलों को साझा करते हुए वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी ने कहा, “मुझे अनेक वर्षों पूर्व हरिद्वार में पूज्य आचार्य जी से प्रत्यक्ष आशीर्वाद प्राप्त करने का परम सौभाग्य मिला था।” उन्होंने आगे कहा कि आचार्य जी के विचार एवं आदर्श पूरे समाज को चिरकाल तक सद्भाव, संस्कार, आत्मनिर्माण और राष्ट्रहित के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।

