
नर्मदापुरम / बारिश का दौर थमते ही नर्मदापुरम शहर में विकास कार्यों ने एक बार फिर गति पकड़ ली है। इसी कड़ी में शनिवार को मालाखेड़ी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 में नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव के नेतृत्व में 24 लाख रुपए की लागत से बनने वाली तीन नई सड़कों का भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में निर्माण कार्यों का शुभारंभ हो गया है।
नपाध्यक्ष श्रीमती यादव ने भूमि पूजन के दौरान निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़कों का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और पूरी उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि रहवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। वार्डवासियों ने बताया कि इन सड़कों के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो आज पूरी होने जा रही है। सड़क निर्माण शुरू होने से स्थानीय नागरिकों में काफी उत्साह और खुशी का माहौल है। भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद दौलत राम यादव, वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद गणेश बाबरिया, बंटी यादव, अनिल दुबे, मुकेश यादव, उपयंत्री रीना गुप्ता सहित बड़ी संख्या में वार्ड के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

