
नर्मदापुरम / स्वच्छ एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा रेलवे परिसरों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में 17 सितम्बर से ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के प्रथम दिन डीआरएम कार्यालय परिसर में मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री त्यागी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन एवं कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ रेलवे परिसर यात्रियों को बेहतर वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।इस वर्ष ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान की मुख्य थीम ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ है। भोपाल मंडल में यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न स्वच्छता, जनभागीदारी एवं जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, यात्री प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, रेलगाड़ियां, रेलवे कॉलोनियां, कार्यालय, यार्ड एवं अन्य रेलवे परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही यात्रियों, रेल कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। अभियान के अंतर्गत लंबे समय से गंदगी वाले स्थानों को चिन्हित कर उनकी विशेष सफाई, कचरा हटाने, सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता के स्थायी प्रबंधन पर कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही कचरे का पृथक्करण, उचित निस्तारण, प्लास्टिक कचरे में कमी तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा, सम्मान एवं कल्याण से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं युवाओं की सहभागिता, चिन्हित गंदगी वाले स्थानों का कायाकल्प, स्टेशन एवं रेलगाड़ियों की विशेष सफाई, स्वच्छता जनजागरूकता अभियान खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश, पर्यटन एवं विरासत स्थलों की सफाई तथा ‘कबाड़ से कला’ जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।1 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के अंतर्गत सामूहिक श्रमदान आयोजित किया जाएगा। वहीं 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर स्वच्छता शपथ, जनजागरूकता कार्यक्रम, श्रमदान एवं पौधरोपण सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

