
नर्मदापुरम/ केसला / संयुक्त संचालक, महिला एवं बाल विकास विभाग नर्मदापुरम संभाग श्रीमती तृप्ति त्रिपाठी द्वारा विकासखंड केसला के आंगनवाड़ी केंद्र हिरणचापड़ा, पोडार, नीमखेड़ा एवं सुखतवा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण, टीएचआर, टीकाकरण, अभिलेख संधारण तथा शाला-पूर्व शिक्षा की गतिविधियों का अवलोकन किया।
श्रीमती त्रिपाठी ने हिरणचापड़ा में निर्माणाधीन विभागीय आंगनवाड़ी भवन का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को रुचिकर एवं गतिविधि-आधारित वातावरण उपलब्ध कराने तथा कार्यकर्ताओं को ईसीसीई गतिविधियां प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए प्रेरित किया। वर्तमान में संचालित राष्ट्रीय पोषण माह की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरी बालिकाओं और बच्चों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा पोषण संबंधी जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कुपोषित बच्चों की नियमित निगरानी, गृहभेंट, परामर्श एवं विभागीय योजनाओं से जोड़कर उनके पोषण स्तर में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के उपरांत परियोजना कार्यालय केसला में आयोजित समीक्षा बैठक में संयुक्त संचालक द्वारा आगामी संकल्प अभियान में विभागीय गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन करने, पात्र हितग्राहियों को टेक होम राशन (टीएचआर) का नियमित एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने तथा बच्चों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार नाश्ता, गर्म पका भोजन एवं तृतीय आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि आंगन वाड़ी केंद्र शासन की महत्वपूर्ण सेवाओं को समुदाय तक पहुंचाने का प्रमुख माध्यम हैं। सभी अधिकारी- कर्मचारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बच्चों के समग्र विकास के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें।

