
नर्मदापुरम / जिले के पुलिस कप्तान साई कृष्णा एस थोटा के दिशा निर्देशन में एवं एएसपी अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में एसडीओपी जितेंद्र पाठक के कुशल नेतृत्व में कोतवाली टी आई गौरव सिंह बुंदेला और उनकी टीम ने लंबे समय से फरार एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। बताया जा रहा है कि वर्ष 1991 के एक सनसनीखेज हत्याकांड और साक्ष्य, मिटाने के संगीन मामले में पिछले अनेक वर्षों से आरोपी फरार था। स्थायी वारंटी संजय दीवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि स्थाई वारंटी संजय दीवान 2010 से फरारी काट कर पुलिस की आंखों धूल झोक रहा था। पुलिस के अनुसार वर्ष 2010 में अदालत द्वारा स्थायी गैर-जमानती वारंट जारी किए जाने के बाद से आरोपी संजय दीवान लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से ‘आंख-मिचौली’ खेल रहा था। टी आई गौरव बुंदेला को गुप्त सूचना मिली कि लंबे समय से फरार वारंटी संजय दीवान राजा मोहल्ला स्थित अपने घर पर छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ आरोपी के मकान की घेराबंदी कर दबिश दे दी। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से आरोपी को भागने तक का मौका तक नहीं मिला और टीम ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी संजय दीवान को न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।

