
नर्मदापुरम / जिला चिकित्सालय, नर्मदापुरम द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर 2026, गुरुवार को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय, नर्मदापुरम में प्रातः 9 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सिविल अस्पताल इटारसी में प्रातः 9 बजे से एवं नर्मदापुरम में रामजी बाबा समाधि स्थल के समीप दोपहर 1:30 बजे से भी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर रक्तदान करने की अपील की है।
रक्तदान महादान है। रक्तदान केवल रक्त देने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है। इसी उद्देश्य से नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने हेतु इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। किसी दुर्घटना पीड़ित, जरूरतमंद मरीज, गर्भवती महिला, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों या किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे व्यक्ति की जान बचाने में बेहद अहम भूमिका निभाता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलता है तथा रक्त के प्रवाह से संबंधित स्वास्थ्य लाभ भी हो सकते हैं। नियमित एवं चिकित्सकीय रूप से उपयुक्त रक्तदान रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
जिला प्रशासन एवं जिला चिकित्सालय द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस मानवीय एवं पुनीत कार्य में सहभागी बनें और पात्र होने पर स्वैच्छिक रक्तदान करें। शिविर में समस्त चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही रक्तदान करने के साथ अपने परिवारजनों, मित्रों एवं परिचितों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें, ताकि जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

