
नर्मदापुरम / शिवपुर / आयुष विभाग मध्यप्रदेश शासन एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. श्रीराम करोंजिया के निर्देशानुसार 23 सितम्बर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के पूर्व विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में एकीकृत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सह आयुर्वेद औषधालय शिवपुर परिसर में स्थित हर्बल गार्डन में जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई।
कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कौशल द्वारा आमजन एवं संस्था के स्टॉफ को हर्बल गार्डन में उपलब्ध विभिन्न औषधीय पौधों की पहचान कराते हुए उनके गुण, कर्म एवं उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि हमारे आसपास उपलब्ध अनेक औषधीय पौधों का आयुर्वेद में महत्वपूर्ण स्थान है तथा इनके बारे में सही जानकारी आमजन के लिए उपयोगी हो सकती है।
इस अवसर पर आयोजित अन्य गतिविधि में डॉ. सुरेन्द्र कौशल द्वारा उपस्थित जनसामान्य एवं संस्था के स्टॉफ को आयुर्वेद शपथ भी दिलाई गई। शपथ के माध्यम से आयुर्वेद को दैनिक जीवन में अपनाने, आयुर्वेद की दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के अनुसार स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आयुर्वेद के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
ब्लॉक सिवनी मालवा की अन्य शासकीय आयुर्वेद औषधालय प्रभारियों डॉ आशुतोष पटेल (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी ) द्वारा रूपादेह मे एवं डॉ संध्या गिरी गोस्वामी (आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी) द्वारा दतवासा मे भी आयुर्वेद दिवस की पूर्व गतिविधियां आयोजित की गई
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को आयुर्वेद की उपयोगिता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।

