

नर्मदापुरम / इटारसी / सेवा भारती मध्य प्रांत इटारसी द्वारा मुस्कान संस्था में आयोजित सप्ताहभर के सुपोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का रविवार को समापन हुआ। अभियान के दौरान बच्चों एवं बालिकाओं को संतुलित आहार, पोषण, प्रोटीन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। समापन अवसर पर बच्चों के लिए विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रविन्द्र गुप्ता ने वार्ड क्रमांक 11, 12, 13 एवं 14 के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के दौरान जिन बच्चों को आवश्यकता थी, उन्हें चिकित्सकीय सलाह के साथ पोषण आहार लेने की सलाह दी।
बालिका का स्वास्थ्य पूरे परिवार को प्रभावित करता है….
कार्यक्रम में डॉ. अखिलेश्वर दयाल ने बालिकाओं के पोषण पर विशेष रूप से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज की स्वस्थ और सुपोषित बालिका ही कल स्वस्थ परिवार की आधारशिला बनती है। बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण की उपेक्षा नहीं की जानी चाहिए।
मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने किया स्वागत….
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने सेवा भारती द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए जा रहे सेवा एवं जनकल्याण कार्यों की जानकारी दी।
सेवा भारती के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रहे मौजूद….
कार्यक्रम में सेवा भारती के मनोज राय, वीरेन्द्र दीक्षित, सुमित्रा तोमर, दीपा उइके, खुशबू भदौरिया एवं राखी मौर्य सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अर्चना बस्तरवार, सुपरवाइजर, संस्था के स्टाफ, बालिकाएं एवं अन्य सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
सप्ताह भर चला जागरूकता अभियान….
सप्ताहभर चले अभियान के दौरान बच्चों एवं बालिकाओं को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित भोजन, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ परिवारों को भी पौष्टिक एवं संतुलित भोजन के महत्व से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम में मुस्कान परिवार के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। मुस्कान बालिका गृह की अधीक्षक सुरेखा धाकड़, शक्ति सदन की अधीक्षक विशाखा, संस्था की प्रमुख शालिनी नेमोरिया, रानी राजपूत, वंदना मजूमदार सहित मुस्कान परिवार के सभी सदस्यों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों में सहयोग किया।
आभार प्रदर्शन के साथ हुआ समापन…..
कार्यक्रम के अंत में मनोज राय ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, सेवा भारती के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, मुस्कान संस्था के संचालक मनीष ठाकुर, संस्था के समस्त स्टाफ, बालिकाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

