
नर्मदापुरम / नर्मदापुर युवा मंडल के तत्वावधान में प्रत्येक रविवार नेहरू पार्क में आयोजित होने वाला संगीत कार्यक्रम ‘सुरीला नर्मदापुरम’ इस रविवार कुछ अलग और खास अंदाज में आयोजित हुआ। कार्यक्रम से जुड़े हरीश मांझी ने बताया कि प्रत्येक रविवार अलग-अलग थीम पर संगीत कार्यक्रम होता है। इस बार कार्यक्रम को ‘फन डे’ की थीम पर रखा गया, जिसमें संगीत के साथ मनोरंजन और पुरानी यादों का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने पुराने और नए विज्ञापनों के लोकप्रिय जिंगल, टीवी सीरियलों के टाइटल सॉन्ग, फिल्मों के यादगार थीम सॉन्ग सहित विभिन्न मनोरंजक प्रस्तुतियां दीं। पुराने विज्ञापनों के जिंगल और गीतों ने लोगों को बीते दौर की यादों में पहुंचा दिया। वहीं अलग-अलग प्रस्तुतियों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। कार्यक्रम में टीवी सीरियलों और फिल्मों के टाइटल सॉन्ग?’ जैसी थीम के माध्यम से प्रतिभागियों और दर्शकों को भी मनोरंजक अंदाज में जोड़ा गया। सुरीला नर्मदापुरम परिवार की ओर से आयोजित इस विशेष फन डे में संगीत, मस्ती और यादगार गीतों का भरपूर आनंद लिया गया। आयोजकों ने बताया कि ‘सुरीला नर्मदापुरम’ का उद्देश्य शहरवासियों को प्रत्येक रविवार संगीत और मनोरंजन के माध्यम से एक सकारात्मक एवं खुशनुमा माहौल उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम के अंत में नर्मदापुर युवा मंडल अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल, सचिव मनीष परदेशी, संगीत गुरु कमल झा ने सभी कलाकारों का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन सूरज तलरेजा ने किया एवं आभार कंचन बनौधा ने व्यक्त किया।

