
नर्मदापुरम / पर्यावरण संरक्षण और पवित्र नदियों को प्रदूषण से बचाने के लिए नगर पालिका परिषद पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। इसी कड़ी में नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव ने अतिक्रमण दल के साथ गुप्ता ग्राउंड स्थित मूर्तिकारों के कारखानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष ने कारखानों में रखी प्लास्टर ऑफ़ पेरिस की मूर्तियों को तत्काल हटाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने मूर्तिकारों को कड़ा संदेश देते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते पीओपी की मूर्तियां नहीं हटाई गईं, तो उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के बाद नपाध्यक्ष नीतू यादव ने आम नागरिकों से मिट्टी की मूर्तियों की स्थापना करने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा पीओपी जल, जंगल, जमीन और विशेषकर हमारी जीवनदायिनी नदियों व पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाती है। इन मूर्तियों पर इस्तेमाल होने वाले केमिकल युक्त रंग पानी में घुलकर जलीय जीवन और वातावरण के लिए अत्यंत घातक सिद्ध होते हैं।

