
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / ग्राम पंचायत गाजनपुर में सड़क एवं पुलिया निर्माण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हाल ही में गांव के पास पुलिया का निर्माण किया जा रहा था, जिसको लेकर ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भारी नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुलिया जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की नपाई जिस दिशा में की गई थी, निर्माण कार्य उस दिशा में नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा सड़क का निर्माण भी अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे मामले की तकनीकी जांच कराकर नपाई और सीमांकन के अनुसार सड़क निर्माण कराया जाए।
सड़क की जमीन पर खंभे गाड़कर कब्जे का आरोप….
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में कुछ दबंग लोगों द्वारा सड़क के लिए निर्धारित जमीन पर खंभे गाड़कर कब्जा कर रखा है। इससे सड़क निर्माण में भी परेशानी सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क की भूमि पर अतिक्रमण है तो प्रशासन मौके पर जांच कराकर उसे हटाए, ताकि स्वीकृत एवं निर्धारित चौड़ाई में सड़क का निर्माण हो सके।
भारी वाहनों से गांव की सड़क भी हुई बदहाल….
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार के भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण गांव की सड़क की हालत खराब हो गई है। भारी वाहनों के आवागमन से सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़क की भी मरम्मत कराई जाए।
ग्राम पंचायत गाजनपुर के सरपंच दयाराम यदुवंशी ने भी प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए सड़क निर्माण को निर्धारित नपाई एवं सीमांकन के अनुसार पूरा कराने तथा निर्माण में आ रही बाधाओं का निराकरण करने की मांग की है।
इस दौरान कोदर सिंह लवंशी, उमाशंकर यदुवंशी, माखनलाल लवंशी, हरिभजन लवंशी, मुकेश कुमार लवंशी, राकेश कुमार सिंगोरिया, रामस्वरूप यदुवंशी, कमलेश पंडित, रामसेवक लवंशी, विजय लवंशी, गणेश लवंशी, प्रकाश लवंशी, राजाराम लवंशी, गणेश लवंशी, दिनेश तिवारी एवं शेर सिंह यदुवंशी सहित अन्य ग्रामीणों ने सड़क एवं पुलिया निर्माण की गुणवत्ता, अधूरे कार्य और सड़क भूमि पर कथित कब्जे को लेकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मौके पर जांच, सड़क की नपाई-सीमांकन की पुष्टि, कथित अतिक्रमण की जांच तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराते हुए सड़क और पुलिया का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

