

नर्मदापुरम / रायपुर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर में ‘प्रखर ईको क्लब’ के तत्वावधान में ‘ईको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और मिट्टी (माटी) से सुंदर गणेश प्रतिमाएं बनाईं। विद्यालय के प्राचार्य बी. पी. पठारिया ने बच्चों को पर्यावरण अनुकूल त्योहार मनाने की सीख दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे घर पर ही मिट्टी के गणेश जी स्थापित कर पूजा-अर्चना करें और विसर्जन के समय नदी-तालाबों को प्रदूषित करने के बजाय घर की किसी बाल्टी या बगीचे में ही विसर्जन करें। कार्यशाला के दौरान बच्चों को मिट्टी से प्रतिमाएं बनाने का प्रशिक्षण श्रीमती ममता कामले, श्रीमती रंजना दीक्षित एवं संदीप रवादे द्वारा दिया गया। वहीं ईको क्लब प्रभारी श्रीमती सविता दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए समझाया कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए माटी के गणेश जी की प्रतिमाएं बनाना और स्थापित करना क्यों आवश्यक है। इस रचनात्मक पहल से न केवल बच्चों की कला प्रतिभा निखरी, बल्कि उनमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी जागृत हुई।

