

नर्मदापुरम / इटारसी / आगामी गणेश उत्सव को लेकर अखिल भारत हिन्दू महासभा मध्यप्रदेश नर्मदापुरम ने पर्यावरण एवं धार्मिक आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषय को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। संगठन की ओर से SDM इटारसी एवं थाना प्रभारी इटारसी को ज्ञापन सौंपकर गणेश उत्सव में मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना को बढ़ावा देने तथा POP (प्लास्टर ऑफ पेरिस) से निर्मित प्रतिमाओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।
हिन्दू महासभा ने कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का भी अवसर है। इसलिए श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया कि वे अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक पंडालों में मिट्टी से बनी भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा को ही विराजमान करें।
संगठन का कहना है कि POP से बनी प्रतिमाएँ पानी में आसानी से घुलती नहीं हैं। विसर्जन के बाद इनके अवशेष लंबे समय तक जलस्रोतों एवं आसपास के क्षेत्रों में पड़े रहते हैं, जिससे जल एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसके अलावा विसर्जन के बाद प्रतिमाओं के खंडित अवशेष लंबे समय तक दिखाई देने से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएँ भी आहत होती हैं।
संगठन ने मूर्ति विक्रेताओं से भी आग्रह किया कि वे POP की प्रतिमाओं की बिक्री से बचें तथा मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को प्राथमिकता दें। साथ ही प्रशासन से मांग की गई कि POP की प्रतिमाओं के निर्माण एवं बिक्री से संबंधित शासन के नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
गणेश पंडालों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर भी जोर….
ज्ञापन में गणेश उत्सव समितियों से भी अपील की गई कि पंडालों का निर्माण इस प्रकार किया जाए कि शहर के मुख्य मार्ग एवं आम रास्ते अवरुद्ध न हों। हाल ही में नगर में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए संगठन ने पंडालों में विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देने की मांग की।
हिन्दू महासभा ने कहा कि प्रत्येक गणेश पंडाल के आसपास पर्याप्त मार्ग खुला रखा जाना चाहिए, जिससे आपात स्थिति में एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड एवं अन्य आपातकालीन वाहनों को तत्काल निकलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अखिल भारत हिन्दू महासभा मध्यप्रदेश नर्मदापुरम के जिला अध्यक्ष उदय मसानिया ने कहा कि गणेश उत्सव हमारी आस्था और श्रद्धा का पर्व है। यदि हम मिट्टी की प्रतिमा स्थापित कर पर्यावरण की रक्षा, धार्मिक भावनाओं का सम्मान और जनसुरक्षा—तीनों का ध्यान रखें, तो यह गणेश उत्सव और भी सार्थक होगा।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि इस गणेश उत्सव में “POP को ना, मिट्टी के गणेश को हाँ” का संकल्प लें और भगवान श्री गणेश जी की मिट्टी से निर्मित प्रतिमा को ही अपने घरों एवं पंडालों में विराजमान करें। इस मौके पर मध्यप्रदेश महामंत्री कन्हैया लाल रैकवार नगर उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायणयादव, अनिल मेहरा, मनोज भाट, आकाश मेहरा, राजवीर रैकवार, योगेश कुकरे, शुभम मेहरा, देवेंद्र रैकवार, यशवंत कहार, संजू एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

