
नादापुरम / इटारसी शहर के सीपीई क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक करीब 7 फीट लंबा सांप स्कूटी के अंदर घुस गया। स्कूटी में सांप के घुसने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सीपीई क्षेत्र स्थित स्कूल के शिक्षक अखिलेश ने सांप को स्कूटी के अंदर जाते हुए देखा और तत्काल सर्पमित्र हर्ष प्रजापति को फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही सर्पमित्र हर्ष प्रजापति एवं अमन प्रजापति मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद टीम ने स्कूटी के अंदर छिपे करीब 7 फीट लंबे धामन प्रजाति के गैर-विषैले सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। सांप के बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू कार्य वनरक्षक अभिजीत यादव के निर्देशन में किया गया। इसके बाद वन विभाग के निर्देशानुसार रेस्क्यू किए गए सांप को सुरक्षित रूप से तवा नगर के जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
सर्पमित्रों ने लोगों से अपील की कि वाहन में सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना दें।

