
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / पीएम श्री विद्यालय में श्री गणेश उत्सव के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय मंडीदीप के मार्गदर्शन में पीएम श्री विद्यालय, सिवनी मालवा में इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा निर्माण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्राकृतिक एवं पर्यावरण-अनुकूल सामग्री से गणेश प्रतिमा निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही प्लास्टर ऑफ पेरिस (POP) एवं प्लास्टिक से निर्मित प्रतिमाओं के कारण होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभाव, जल प्रदूषण, प्लास्टिक कचरे तथा स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को पर्यावरण-अनुकूल तरीके से गणेश उत्सव मनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना भी हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्राचार्य मोहनलाल राठौर एवं विद्यालय स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। नगर पालिका परिषद, सिवनी मालवा के स्वच्छता निरीक्षक प्रशांत शर्मा ने सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के भगत सिंह भदौरिया, हरिश राय (केमिस्ट), गौरव शर्मा एवं आशा कुमारी (प्रयोगशाला सहायक) तथा अनिल मसतकर (JLA) ने सहभागिता कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं इको-फ्रेंडली गणेश उत्सव के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा…..
“आस्था के साथ पर्यावरण की रक्षा भी—मिट्टी की गणेश प्रतिमा अपनाएँ और स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल गणेश उत्सव मनाएँ।”

