

नर्मदापुरम / जिला शिक्षा विभाग द्वारा आवंटित जिला स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता बालक/बालिका आयु वर्ग 14,17,19 का आयोजन पंडित रामलाल शर्मा इंग्लिश मीडियम सी बी एस ई स्कूल नर्मदापुरम में बड़े ही उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। जिला स्तरीय तैराकी बालक बालिका आयु वर्ग 14,17,19 प्रतियोगिता में नर्मदापुरम एवं सिवनी मालवा विकासखंड की टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय संचालक अरुण शर्मा, प्राचार्य सुनील चंसोरिया, अरुण अग्रवाल के द्वारा किया गया। सभी अतिथियों ने प्रतिभागी बालक-बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया और खेल को जीवन में अनुशासन और स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताया।
इस प्रतियोगिता में जिले भर से आए बालक-बालिका तैराकों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के अंतर्गत 50 मीटर फ्री स्टाइल, 100 मीटर फ्री स्टाइल, 200 मीटर फ्री स्टाइल, 800 मीटर फ्री स्टाइल, 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक, 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक, 50 मीटर बटरफ्लाई, 100 मीटर बटरफ्लाई एवं 200 मीटर बटरफ्लाई जैसे विभिन्न इवेंट्स का आयोजन किया गया।
सभी वर्गों में तैराकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बालक-बालिकाओं का चयन संभाग स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता आयु वर्ग 14,17,19 वर्ष के लिए किया गया। चयनित प्रतिभागी अब संभाग स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक के रूप में विद्यालय के खेल शिक्षक प्रवीण मीना, श्रीमती कविता सिंह, मुकेश निगोटे, अशोक यादव, राकेश बावरिया, सतीश मेहरा सहित अन्य निर्णायकों ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से निर्णायक की भूमिका निभाई।
विद्यालय के खेल शिक्षक प्रवीण मीना एवं समस्त स्टाफ का प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सराहनीय योगदान रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

