


नर्मदापुरम / डॉ. भीमराव अंबेडकर सिविल हॉस्पिटल, सिवनी मालवा द्वारा बीएमओ डॉ. कांति बाथम के मार्गदर्शन में टीबी एवं एड्स के प्रति जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत सिवनी मालवा नगर के शासकीय स्कूलों में अध्यनरत किशोर विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। 23 से 25 अगस्त तक आयोजित पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में नगर की शासकीय संस्थाओं के विद्यार्थियों ने भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने पोस्टर के माध्यम से टीबी तथा एड्स के लक्षण, कारण, बचाव के उपाय उकेरे, इनके प्रति सचेत हुए एवं समाज को भी जागरूक करने की प्रेरणा ली।
बीएमओ डॉ. कांति बाथम ने विद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में टीवी तथा एड्स के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। इनके कारण, लक्षण, हानियां बताते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उमंग स्वास्थ्य केंद्र के परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने किशोर अवस्था एवं इसके परिवर्तनों के बारे में चर्चा की। इस अभियान के माध्यम से समाज को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका मसराम ने स्वच्छता, स्वास्थ्य, एनीमिया, रोग प्रतिरोधक क्षमता पर चर्चा कर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया।
ईश्वर विश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रत्येक संस्था से प्रथम तीन विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने में बीआरसी संगीता यादव, विद्यालय के प्राचार्य एवं उमंग गतिविधि प्रभारी शिक्षकगण, छात्रावास अधीक्षक एवं सिविल हास्पिटल के चिकित्सक एवं अधिकारियों का महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान हुआ।

