
नर्मदापुरम / बुधनी / सीहोर जिले के बुधनी थाना अंतर्गत पुलिस ने एक थार वाहन को जब्त कर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त करने में सफलता प्राप्त की है। बुधनी पुलिस अनुभाग के एसडीओपी रवि शर्मा के मार्गदर्शन में बुधनी थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप जाट ओर उनकी टीम के द्वारा अवैध शराब के परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए नर्मदापुरम निवासी दो शराब माफिया को 153 लीटर अवैध शराब सहित महिंद्रा थार गाड़ी के साथ गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर भोपाल की ओर से नर्मदापुरम आ रही एक काले रंग की बिना नंबर की महिंद्रा थार कार को पुलिस टीम ने गडरिया नाला के पास घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया। लेकिन वाहन चालक वाहन को भगाने लगा। पुलिस टीम द्वारा वाहन का पीछा कर वाहन को शंकर मंदिर के पास रोक लिया गया। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। वाहन चालक ने अपना नाम शिवम हिंगोले आदमगढ़ बंगाली कॉलोनी नर्मदापुरम, उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम विशाल जाटव निवासी आईटीआई आदर्श नगर नर्मदापुरम बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पिछली सीट पर रखी 13 पेटी देशी शराब एवं 3 पेटी बीयर, कुल 153 लीटर अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹62,080/- है, बरामद हुई। पुलिस द्वारा अवैध शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की महिंद्रा थार कार, कीमत लगभग ₹14,00, 000/- को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कुल जब्त मसरूका ₹14, 62, 080/- बताई गई। आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय बुधनी के समक्ष पेश किया गया। उक्त कार्रवाई में बुधनी थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप जाट, सउनि सुमेर सिंह, प्र. आर. अजय, प्र. आर. नरेंद्र, प्र. आर. दीपक, वरि. आर. सोनू चौहान, आरक्षक अनुज यादव, आरक्षक अनिरुद्ध एवं आरक्षक लोकेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

