
नर्मदापुरम / शहर के सुभाष चौक स्थित राधाकृष्ण मंदिर परिसर के गोपाल मंदिर में ट्रस्टियों और मंदिर के पुजारी के बीच चल रहा विवाद अब गंभीर रूप लेता दिखाई दे रहा है। मामले में मठ-मंदिर समिति के अध्यक्ष गोपाल प्रसाद खड्डर एवं साधु-संत समाज के प्रदेश अध्यक्ष प्रताप महाराज मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत कराएंगे और मंदिर के पुजारी श्री शर्मा को न्याय दिलाने की मांग करेंगे। बताया जाता है कि श्री शर्मा पिछले करीब 25 से 30 वर्षों से गोपाल मंदिर में भगवान की पूजा-अर्चना और सेवा करते आ रहे हैं। लंबे समय से मंदिर की सेवा कर रहे पुजारी को हटाने के लिए ट्रस्टियों द्वारा कथित रूप से षड्यंत्र रचे जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि पुजारी को मंदिर से हटाने के उद्देश्य से उनके खिलाफ विवाद खड़ा किया जा रहा है और झूठे प्रकरण में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन एक महिला को भेजा जा रहा है, जिसके माध्यम से पुजारी के साथ विवाद उत्पन्न कर उन्हें किसी मामले में फंसाने की कथित तैयारी की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना बाकी है। इस पूरे मामले में एक पुलिसकर्मी की भूमिका को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप लगाने वाले पक्ष का कहना है कि कथित तौर पर उक्त पुलिसकर्मी के इशारे पर घटनाक्रम को आगे बढ़ाया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की जाएगी। साथ ही संबंधित पुलिसकर्मी की भूमिका की जांच तथा उसके मोबाइल रिकॉर्ड और कॉल डिटेल की जांच कराने की मांग भी की गई है।

