

नर्मदापुरम / भोपाल / निजी गैर-अनुदान प्राप्त विद्यालयों की विभिन्न व्यावहारिक, वित्तीय एवं प्रशासनिक समस्याओं को लेकर सोसायटी फॉर प्राइवेट स्कूल डायरेक्टर्स (सोपास), मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने RTE प्रतिपूर्ति, स्कूल बसों के परमिट एवं फिटनेस, फीस एवं TC तथा निजी विद्यालयों से संबंधित विभिन्न नीतिगत विषयों को प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में प्रदेशभर में एकरूप एवं व्यावहारिक व्यवस्था बनाए जाने की मांग की गई।
इस अवसर पर सोपास प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रवीण पणिकर, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शिव कुमार दुबे, प्रदेश महासचिव राजेश राजोरिया, प्रदेश संगठन मंत्री रविशंकर राजपूत, प्रदेश संयोजक विनय यादव, प्रदेश सचिव देवेंद्र पटेल, जिला अध्यक्ष नर्मदापुरम आलोक राजपूत, वेंकटेश राव, दिनेश शर्मा, नीता धाकड़, महेश ठाकुर, देवेंद्र अजमेरा, सुनील खामरा, शिव हरि नागर, कपिल पाठक एवं मोहनलाल गोर उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष RTE की लंबित प्रतिपूर्ति राशि के समयबद्ध भुगतान, वास्तविक लागत के अनुरूप प्रतिपूर्ति राशि के पुनर्निर्धारण तथा स्कूल परिवहन से जुड़ी परमिट एवं फिटनेस की जटिलताओं को दूर करने की मांग रखी। ज्ञापन में स्कूल परिवहन के लिए प्रदेशभर में एक समान SOP तथा परमिट एवं फिटनेस प्रक्रिया को सरल, ऑनलाइन और समयबद्ध बनाने की मांग भी की गई।
सितंबर में RTE राशि जारी करने का आश्वासन….
सोपास प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना तथा समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि सितंबर माह में RTE की राशि जारी करने की प्रक्रिया की जाएगी।

