

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा नगर के वार्ड में प्रहलाद गुप्ता के खले के सामने लगा हैंडपंप वर्तमान में काफी नीचे होने से लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने बताया कि हैंडपंप की ऊंचाई कम होने से उसके चारों ओर लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हैंडपंप के आसपास पर्याप्त ऊंचाई और भरती नहीं होने से गंदा पानी जमा रहता है।
उन्होंने बताया कि इसी हैंडपंप से आसपास के कई घरों में पीने के पानी की आपूर्ति होती है। चारों ओर गंदा पानी भरा रहने से लोगों को पानी भरने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी के बीच मजबूरी में लोगों को इसी हैंडपंप से पानी भरना पड़ रहा है, जिससे बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
जनसुनवाई में दिया आवेदन…
इस गंभीर समस्या को लेकर पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने जनसुनवाई में अनुविभागीय अधिकारी को आवेदन सौंपा है। आवेदन में मांग की गई है कि जनहित को दृष्टिगत रखते हुए उक्त हैंडपंप को उचित ऊंचाई तक ऊंचा करवाया जाए, उसके चारों ओर मिट्टी भरती डलवाई जाए एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था करवाई जाए, ताकि नागरिकों को शुद्ध पेयजल मिल सके।

