

नर्मदापुरम / इटारसी / इटारसी के गरीबी लाइन स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई गंभीर कमियाँ सामने आईं। इन समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपकर तत्काल आवश्यक सुधार एवं कार्रवाई की मांग की गई है।
विद्यालय के शौचालय में उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण यूरिन जमा रहता है, जिससे दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है। यह दुर्गंध शौचालय से बाहर तक आती है और विद्यार्थियों के लिए अस्वच्छ वातावरण उत्पन्न कर रही है। विशेष चिंता की बात यह है कि शौचालय के ठीक सामने, कुछ दूरी पर ही पीने के पानी की व्यवस्था बाल्टियों एवं अन्य बर्तनों में की गई है। ऐसी स्थिति विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की दृष्टि से उचित नहीं है।
विद्यालय के कक्षाओं एवं उस स्थान के फर्श की स्थिति भी चिंताजनक पाई गई, जहाँ विद्यार्थी बैठकर पढ़ाई करते हैं और भोजन करते हैं। सीमेंटेड फर्श कई स्थानों से क्षतिग्रस्त है तथा उसमें से रेत एवं अन्य कच्चा मटेरियल निकल रहा है। इससे विद्यार्थियों को चोट लगने और लगातार धूल उड़ने की समस्या बनी रहती है।
इसके अलावा विद्यालय परिसर में ट्यूबवेल के लिए खोदा गया स्थान एवं ऊपर निकला हुआ पाइप भी विद्यार्थियों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकता है। बच्चे अक्सर परिसर में खेलते हैं, ऐसे में इस खुले एवं उभरे हुए हिस्से से गिरने अथवा चोट लगने की आशंका बनी रहती है।
मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था पर भी ध्यान देने की आवश्यकता….
विद्यालय में विद्यार्थियों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन का स्वाद संतोषजनक बताया गया, लेकिन निर्धारित मेन्यू/टाइम टेबल के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर शनिवार को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पराठे दिए जाने थे, जबकि उस दिन पूड़ी उपलब्ध कराई जा रही थी। इसलिए भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ निर्धारित मेन्यू का पालन सुनिश्चित किया जाना भी आवश्यक है।
पीने के पानी की व्यवस्था में भी सुधार की मांग…..
विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं दिखाई दी। पानी के लिए बाल्टियों एवं अन्य बर्तनों पर निर्भरता है, जबकि पेयजल व्यवस्था को स्वच्छ, सुरक्षित और शौचालय से पर्याप्त दूरी पर होना चाहिए।
इन सभी समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवेदन सौंपकर विद्यालय की व्यवस्थाओं का तत्काल निरीक्षण कराने, शौचालय की जल निकासी दुरुस्त कराने, स्वच्छ पेयजल की उचित व्यवस्था करने, क्षतिग्रस्त फर्श की मरम्मत कराने, ट्यूबवेल के आसपास की असुरक्षित स्थिति को ठीक कराने तथा मध्यान्ह भोजन के निर्धारित मेन्यू का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई है।
मांग स्पष्ट है—बच्चों को केवल शिक्षा नहीं, बल्कि सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण भी मिलना चाहिए। विद्यालय की इन मूलभूत समस्याओं का शीघ्र समाधान होना आवश्यक है।

