नर्मदापुरम / दिनांक 23/08/2026 को थाना पचमढ़ी में एक पीड़िता द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपने मित्र के साथ कॉलेज खत्म होने पश्चात घर जा रही थी, तभी उसके मित्र के साथी द्वारा अपने अन्य दो साथियों को बुलाकर पीडिता एवं उसके मित्र दोनों को अकेला पाकर जंगल की ओर ले गए जहां पीडिता को डरा-धमकाकर व जान से मारने की धमकी देकर पीड़िता के साथ अन्य तीनों युवकों ने दुराचार किया। अत्यधिक भय के कारण पीड़िता द्वारा तत्काल परिजनों को घटना के संबंध में नहीं बताया गया था। बाद में परिजनों को आपबीती बताकर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा द्वारा मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी पचमढ़ी को त्वरित वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन को स्वयं पचमढ़ी पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लेने हेतु निर्देशित किया गया। पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पचमढ़ी में अपराध क्रमांक 37/2026 धारा 70(2), 115(2), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी पचमढी द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए पृथक-पृथक टीमें बनाकर संदिग्धों की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 06 घंटे के अंदर घटना कारित करने वाले तीनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में लिया गया, जिनसे विस्तृत पूछताछ जारी है।
पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पिपरिया मोहित यादव के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पचमढी निरीक्षक गोपाल घासले द्वारा हमराह बल के टीम गठित कर सायबर सेल के सहयोग से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में लेने में सफलता प्राप्त की गई।

