
नर्मदापुरम / जिले के तीन थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी की 3 घटनाएं प्रकाश में आई है। जहां पर साइबर ठगो ने अलग अलग तरीकों से लगभग साढ़े तीन लाख रूपए के करीबन बैंक अकाउंट से उड़ा दिए। पहला मामला सिवनी मालवा के बानापुरा क्षेत्र से सामने आया जहां पर कृष्णा कालोनी में रहने वाले विकास यदुवंशी का मोबाइल हैक कर अकाउंट एवं क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसी अज्ञात व्यक्ति ने 2 लाख 52 हजार रुपए निकाल लिए। इस मामले में सिवनी मालवा पुलिस ने फरियादी विकास यदुवंशी की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। वही दूसरा मामला देहात थाना अंतर्गत छोटी पहाड़ियां नर्मदापुरम निवासी होशियार सिंह अहिरवार के बैंक अकाउंट से किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेटीएम का साउंड पॉड करने के बहाने 20 हजार 170 रुपए खाते से उड़ा दिए। जिस पर देहात थाना पुलिस ने फरियादी होशियार सिंह अहिरवार की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इसके अलावा इटारसी थाना अंतर्गत आवाम नगर निवासी मोहम्मद आरिफ के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेटीएम बंद करने के बहाने उनके खाते से 58,500 रुपए निकाल लिए। जिस पर इटारसी पुलिस ने फरियादी मोहम्मद आरिफ की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। साइबर फ्रॉड से बचने पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जाता है, उसके बाद भी आमजन जागरूक नहीं हो रहे हैं और साइबर ठगी के शिकार हो रहे हैं।

