


नर्मदापुरम / शहर के सुभाष चौक स्थित राधाकृष्ण मंदिर में 25 वर्षों से सेवारत पुजारी के परिवार के साथ गाली-गलौज, महिला से अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इसको लेकर एक वीडियो भी वायरल हुआ है। पुजारी और उनके परिवार को ट्रस्टी और कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मंदिर के अंदर जाकर डराया धमकाया । इसको लेकर पुजारी सुरेश शर्मा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन और कलेक्टर सोमेश मिश्रा से शिकायत की। उन्होंने मंदिर के ट्रस्टी श्रीराम अग्रवाल और उनके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। पुजारी सुरेश शर्मा और उनके भाई कमल किशोर शर्मा कई सालों से पूजा-पाठ कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार ट्रस्टी द्वारा पिछले 3-4 वर्षों का करीब 5 लाख रुपये का वेतन नहीं दिया गया है। पुजारी का आरोप है कि उन्होंने अपने निजी पैसों से मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जिसमें लगभग 6 लाख रुपये लगे, साथ ही पिछले 3-4 वर्षों से बिजली बिल और सभी प्रमुख पर्वों-त्योहारों के धार्मिक अनुष्ठानों का कुल 10 लाख रुपये का खर्च खुद उठाया, जिसका भुगतान ट्रस्टी द्वारा लगातार टाला जा रहा है।
आरती के समय अभद्रता कर दी धमकी….
जब पुजारी अपने परिवार पत्नी, पुत्र अभिषेक, भतीजे दिनेश व भाई की पत्नी के साथ आरती की तैयारी कर रहे थे, तभी ट्रस्टी श्रीराम अग्रवाल अपने साथी मुकेश, संदीप गौर, राहुल पटेल आदि के साथ पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने अभद्र गालियां दीं, भाई की पत्नी के हाथ से पूजा की थाली छीन ली और पैसे मांगने पर झूठे केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपी पक्ष के प्रभाव के कारण कोतवाली थाने में उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित परिवार ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक के समक्ष गुहार लगाकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।पुजारी पर कुछ असामाजिक तत्वों को मंदिर परिसर के अंदर भेज कर गाली गलोज करना डराना धमकाना किया गया है । अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को भी जनसुनवाई में शिकायत की गई है।
इनका कहना है…
इस मामले में शिकायत प्राप्त हुई थी । हमने थाना प्रभारी कोतवाली को जांच करने की बात कही है । साथ ही कोई उन्हें परेशान ना करें इसकी भी जांच हो और जो भी मामला सामने आता है, उसके बाद जो उचित हो, कार्रवाई की जाएगी।
अभिषेक राजन,
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नर्मदापुरम।

