नोट… खबर में गलती से गलत फोटो लग गई है।

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / अमृत-2 नल-जल योजना के तहत नगर में चल रहे पाइपलाइन विस्तारीकरण कार्य में कथित लापरवाही के चलते आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की उचित फिलिंग एवं समतलीकरण नहीं किए जाने से जगह-जगह गड्ढे, मिट्टी और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है तथा दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
इसी समस्या को लेकर वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजय राय को ज्ञापन सौंपकर समस्या के तत्काल निराकरण की मांग की।
27 जुलाई को नगरपालिका को दिया था आवेदन…..
दीपक दीक्षित ने बताया कि अमृत-2 योजना के तहत पाइपलाइन डालने के बाद सड़क की फिलिंग एवं समतलीकरण नहीं किए जाने की समस्या को लेकर पूर्व में भी 27 जुलाई को नगर पालिका मुख्य अधिकारी को आवेदन दे कर समस्या से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या के निराकरण को लेकर नगर पालिका द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। लगातार शिकायतों के बाद भी स्थिति जस की तस बनी रहने पर मंगलवार को जनसुनवाई में एसडीएम विजय राय को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर के विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन डालने के बाद कई स्थानों पर मिट्टी भराई और सड़क समतलीकरण का कार्य समय पर नहीं किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
स्कूली बच्चों और राहगीरों को हो रही परेशानी…..
शिकायत के अनुसार कई स्थानों पर गड्ढे खुले छोड़े जाने से लोगों के गिरने की स्थिति बनी हुई है। सड़क के दोनों ओर गड्ढे होने के कारण स्कूली बच्चों के ऑटो सहित अन्य वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है। वहीं, सूखी मिट्टी उड़ने से राहगीरों और आसपास के रहवासियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दीपक दीक्षित ने कहा कि शहरवासियों की ओर से लगातार इस समस्या की शिकायतें मिल रही हैं। यदि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया और सड़क का समतलीकरण नहीं किया गया तो किसी गंभीर या अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
समय-सीमा में कार्य पूरा कराने की मांग…..
पार्षद प्रतिनिधि ने मांग की कि संबंधित ठेकेदार को पाइपलाइन विस्तारीकरण के बाद फिलिंग एवं सड़क समतलीकरण का कार्य व्यवस्थित तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
ज्ञापन पर एसडीएम विजय राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने तथा जल्द से जल्द गड्ढों को भरकर व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

