
नर्मदापुरम / नागद्वारी मेले के दौरान अवैध मदिरा के विक्रय, परिवहन एवं संग्रहण के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा सघन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन में मेला अवधि के दौरान 6 अगस्त 2026 से ही प्रारंभ किए गए अभियान में आबकारी विभाग की टीमों द्वारा पूरे मेला क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में लगातार चेकिंग एवं दबिश की कार्रवाई की गई। भाजियागिरी, नागफनी, काजरी, रोरीघाट, जलगली, निम्बुगिरी से नागद्वारी मंदिर तक के मार्ग, बड़ा महादेव, डीपी पॉइंट से चौरागढ़ महादेव तक सीढ़ियों के रास्ते तथा हीवर के आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई।
अभियान के दौरान आबकारी विभाग द्वारा कुल 36 प्रकरण कायम किए गए, जिनमें लगभग 643.5 बल्क लीटर हाथभट्टी, देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की गई। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 70 हजार 850 रुपये आंकी गई है। अभियान के दौरान ग्राम पगारा में एक रिहायशी मकान पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान मकान में नागद्वारी मेले में अवैध रूप से विक्रय करने के उद्देश्य से छुपाकर रखी गई लगभग 23 पेटी शराब, कुल 208.5 बल्क लीटर बरामद की गई। मामले में आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण कायम कर उसे गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग द्वारा पूरे मेला क्षेत्र में अवैध मदिरा की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार चेकिंग, गश्त एवं दबिश की कार्रवाई की गई। विभाग ने मेला अवधि के दौरान अवैध शराब के विक्रय, परिवहन और संग्रहण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।

