
नर्मदापुरम / कलेक्टर नर्मदापुरम द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के क्रम में जिले में किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सुचारू एवं पारदर्शी मूंग उपार्जन कार्य कराया जा रहा है। उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में खरीदी में गड़बड़ी की शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें श्री श्याम वेयरहाउस खपरिया (थाना सिवनी मालवा) में पदस्थ सर्वेयर शील कुमार यादव द्वारा उपार्जन कार्य के दौरान किसानों से अवैध रूप से राशि लेने एवं अमानक मूंग को एफ.एक्यू. (FAQ) घोषित करने के एवज में अनुचित पैसों का लेन-देन करने की बात सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर नर्मदापुरम सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा, विजय राय द्वारा मार्कफेड (MFRFED) के गोदाम प्रभारी (कृषि उपज मंडी परिसर बनापुरा) संजीत वर्मन के माध्यम से थाना सिवनी मालवा में शिकायत दर्ज कराई गई। प्राप्त शिकायत एवं जांच पत्र के आधार पर थाना सिवनी मालवा में आरोपी सर्वेयर शील कुमार यादव के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा ने स्पष्ट किया है कि मूंग खरीदी केंद्रों पर किसानों की सुविधा एवं पारदर्शिता शासन की प्राथमिक प्राथमिकता है। कलेक्टर द्वारा सख्त रूप से निर्देशित किया गया है कि यदि किसी भी उपार्जन केंद्र या वेयरहाउस में किसानों से अवैध वसूली, अनियमितता या लापरवाही बरतने का मामला सामने आता है, तो संबंधित दोषी व्यक्तियों पर इसी प्रकार कठोर कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

