नर्मदापुरम / न्यास कॉलोनी से कालिका नगर (वार्ड क्रमांक 14) तक का पहुँच मार्ग वर्तमान में पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे यहाँ के निवासियों का आवागमन दूभर हो गया है। बारिश के मौसम में सड़क के गड्डों में पानी भर जाता है, और कई घरों में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो रही है।
मार्ग पर स्थित पुलिया अत्यंत संकीर्ण है और सुरक्षा दीवार (बाउंड्री वॉल) न होने के कारण हादसों और लोगों के गिरने का खतरा लगातार बना रहता है। इसके अलावा, वार्ड के कई हिस्से आज भी पक्की सड़क और नाली निर्माण से वंचित हैं। इसके चलते जगह-जगह कीचड़ और गंदगी फैल रही है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। खराब सड़कों के कारण गाड़ियाँ फिसलने से आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं।
पार्षद के रवैये से वार्डवासियों में आक्रोश….
वार्डवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार क्षेत्रीय पार्षद पंकज प्रेमा पांडे को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार उन्हें यही जवाब मिलता है कि ‘नगर पालिका जाओ या कलेक्टर से शिकायत करो’। स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद से पार्षद ने एक बार भी वार्ड का निरीक्षण नहीं किया है। वोट मांगते समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जीतने के बाद जनप्रतिनिधि गायब हो जाते हैं।
कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश….
पार्षद की बेरुखी से परेशान होकर आज वार्ड क्रमांक 14 के निवासियों ने एकजुट होकर हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा को सौंपा। वार्डवासियों ने कलेक्टर से जल्द से जल्द सड़क, नाली और पुलिया निर्माण की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत निर्देश दिए हैं कि वार्ड की समस्याओं का परीक्षण कर जल्द से जल्द निराकरण किया जाए। ज्ञापन देते समय सदस्य श्याम दुबे, शैलेंद्र सिंह तोमर, श्री ठाकुर, शैलेंद्र सिंह राजपूत, मुकेश सारथी, महेंद्र राहुल शर्मा उपस्थित रहे।

