

नर्मदापुरम / अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति द्वारा रविवार को संत रामजी बावा परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संत रामजी बावा समाधि परिवार के वरिष्ठ सदस्य डॉ. विजय महंत तथा वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. अशोक पुष्कर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों एवं समाजजनों ने परिसर में आम, अमरूद, संतरा सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं आकर्षक पुष्पों के पौधे रोपे।
इस अवसर पर डॉ. विजय महंत ने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य तैयार करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना पौधरोपण करना।
वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. अशोक पुष्कर ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। फलदार एवं औषधीय महत्व वाले पौधों का रोपण पर्यावरण के साथ-साथ समाज के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारी विजय वर्मा, अध्यक्ष राजेन्द्र श्रीवास्तव, केशव वर्मा, नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, समाजसेवी सुनील राय, सीबी खरे, मनोज वर्मा, अशोक वर्मा सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। मातृशक्ति की ओर से श्रीमती सुमन वर्मा, श्रीमती ममता तिवारी, प्रिया श्रीवास्तव, मंजूल वर्मा, प्रीति खरे, ऋतु श्रीवास्तव, राधा गुप्ता सहित अन्य महिलाओं ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।

