


नर्मदापुरम / प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वाधान में 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान का शुभारंभ ब्रह्माकुमारी विद्यालय नर्मदापुरम रसूलिया में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला, विशिष्ट अतिथि महिला थाना प्रभारी राखी मौर्या, पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित गौर, भ्राता राम नवलानी, मनोहर बढ़ानी, संजय मीणा, श्री मूलचंदानी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
अपर कलेक्टर राजेश शुक्ला ने कहा कि नशा व्यक्ति परिवार और समाज को खोखला कर देता है नशे से व्यक्ति के जीवन में कई प्रकार के तनाव आने शुरू हो जाते हैं। नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए हम सबको जागरूक होकर स्वयं भी नशे से दूर रहना चाहिए और औरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
महिला थाना प्रभारी राखी मौर्य ने अपने विचार व्यक्त करते हुए ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाए जा रहे इस जन जागरण अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा युवा पीढ़ी को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचने के लिए के लिए आध्यात्मिक मूल्य संस्कारों और सकारात्मक जीवन शैली को अपनाना वर्तमान समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारीज ने नशे के दुष्परिणाम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशे के कई दुष्परिणाम समाज में वर्तमान समय देखने को मिल रहे हैं जैसे कि टेंशन बढ़ती जा रही है, पारिवारिक झगड़े बढ़ते जा रहे हैं, बीमारियां बढ़ती जा रही है, कैंसर के चांस ज्यादा है, दुर्घटनाओं में वृद्धि हो रही है। समाज में कई प्रकार से भ्रष्टाचार बढ़ता जा रहा है, इसीलिए आवश्यकता है हम अपने मनोबल को बढ़ाकर नशे की गिरफ्त से अपने आपको बचाएं। आध्यात्मिकता राजयोग मेडिटेशन एवं श्रेष्ठ जीवन के मूल्यों को अपना कर नशे जैसी बुराई से अपने आप को मुक्त किया जा सकता है। संस्थान द्वारा नशा मुक्ति के लिए एवं दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा अथवा शपथ दिलाई गई। सभी ने इस जन जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज हित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया, जिससे कुछ हद तक हम अपने समाज देश में एक शुभ कार्य कर सकते हैं लोगों को इस बुराई से बचा सकते हैं कार्यक्रम का समापन विश्व शांति एवं नशा मुक्ति के लिए मेडिटेशन के साथ हुआ, शहर के अनेक लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।
ब्रह्मकुमारीज के द्वारा बताया गया कि यह अभियान पूरे भारत में 20 अगस्त तक चलेगा। नर्मदापुरम शहर में अथवा पूरे जिले में कई स्कूल, कॉलेज, युवा संगठन, सामाजिक संगठनों में भी यह कार्य किए जाएंगे।

