नर्मदापुरम / ग्राम पंचायत जासलपुर में मनरेगा के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-2026 की अवधि का त्रिस्तरीय सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) सत्यापन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज ग्राम पंचायत में एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन कर ऑडिट कार्य का औपचारिक समापन किया गया।यह संपूर्ण प्रक्रिया मध्य प्रदेश स्टेट सामाजिक संपरीक्षा समिति के निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं अपर कलेक्टर हिमांशु जैन के आदेशानुसार आयोजित की गई।
सामाजिक अंकेक्षण टीम द्वारा निर्धारित अवधि के दौरान ग्राम पंचायत में कराए गए मनरेगा कार्यों का भौतिक मौखिक और दस्तावेजों का परीक्षण किया गया।
गुरुवार को आयोजित हुई विशेष ग्राम सभा में सामाजिक अंकेक्षण दल द्वारा अपनी रिपोर्ट ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत की गई। जिस पर विस्तृत चर्चा हुई ग्राम सभा के इस आयोजन में जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर प्रतिनिधि विशेष रूप से मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति में ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ऑडिट निष्कर्षों को साझा किया गया और ऑडिट प्रक्रिया का समापन किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव रोजगार सहायक सामाजिक अंकेक्षण सदस्य तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

