
नर्मदापुरम / प्रफुल्ल तिवारी / शहर के सबसे संवेदनशील और अति-व्यस्त वीआईपी मार्ग (टेलीफोन एक्सचेंज चौराहा, एसपी ऑफिस के समीप) पर स्थित होटल बल्लभ विलास प्रशासन के नियमों को ठेंगा दिखा रहा है। एक तरफ जहां होटल संचालक द्वारा शासकीय भूमि पर बेखौफ होकर पक्का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ होटल में पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण रोजाना वीआईपी रोड पर जाम की गंभीर स्थिति बन रही है।
बिना कॉलम के 5 से 10 फीट सरकारी जमीन पर उठाया पक्का निर्माण मिली जानकारी के अनुसार, होटल बल्लभ विलास का संचालक मुख्य सड़क से सटी लगभग 5 से 10 फीट शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर रहा है। बिना कॉलम खड़े किए सीधे पक्की दीवार उठाकर निर्माण कार्य जारी है। सवाल यह उठ रहा है कि वीआईपी रोड जैसी महत्वपूर्ण और प्रशासनिक नजरों के सामने चल रहे इस अतिक्रमण पर अब तक संबंधित विभाग की नजर क्यों नहीं पड़ी पार्किंग नहीं, तो सड़क बनी ‘गैरेज’ होटल परिसर में चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। होटल में रुकने वाले विदेशी/बाहरी पर्यटक और नागरिक अपनी लग्जरी गाड़ियों को सीधे मुख्य सड़क पर खड़ा कर देते हैं। इससे न केवल सड़क संकरी हो जाती है, बल्कि पैदल चलने वालों और अन्य वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
तीन स्कूल और एसपी ऑफिस.. छुट्टी के वक्त स्थिति बेहद खराब….
जिस सड़क पर यह होटल स्थित है, वहीं पुलिस अधीक्षक (SP) का कार्यालय है और पास ही तीन प्रमुख स्कूल संचालित होते हैं। दोपहर में जब स्कूलों की छुट्टी होती है, उस वक्त होटल के बाहर खड़े बेतरतीब वाहनों के कारण स्थिति ख़राब हो जाती है। स्कूली बच्चों की बसें, वैन और अभिभावक घंटों जाम में फंसे रहते हैं। ‘नो पार्किंग’ के स्लोगन भी बेअसर प्रशासनिक लाचारी का आलम यह है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय की दीवारों पर स्पष्ट शब्दों में चेतावनी भरे स्लोगन लिखे हैं कि यहाँ वाहन खड़े करना मना है”, इसके बावजूद होटल संचालक और ग्राहक ठीक उसी दीवार के सामने बेधड़क गाड़ियां पार्क कर रहे हैं।
प्रशासन से सवाल क्या नगर पालिका और यातायात पुलिस इस अवैध निर्माण और रोज-रोज के ट्रैफिक जाम पर संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करेगी, या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है ?

