
नर्मदापुरम / वार्ड 03 व 04 में स्थित पुरानी सब्जी मंडी के अब दिन फिरने वाले हैं। पुरानी सब्जी मंडी को आधुनिक सब्जी मंडी बनाई जाएगी। सड़क किनारे फल एवं सब्जी का व्यवसाय कर रहे छोटे छोटे दुकानदार वहां शिफ्ट होंगे। यहां से सब्जी और फल व्यवसाइयों को अपने व्यवसाय को बढ़ाने के लिए मदद मिलेगी। इससे नपा की आय भी बढ़ेगी। मंगलवार को नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव द्वारा निरीक्षण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंडी में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं एवं अन्य व्यवस्थाएं समय सीमा में पूर्ण करें एवं इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान उपयंत्री रीना गुप्ता, स्वच्छ भारत अभियान नोडल अधिकारी एवं स्वच्छता निरीक्षक अनुराग तिवारी, वार्ड क्रमांक 03 के पार्षद प्रतिनिधि पूनम मेषकर, 04 के प्रतिनिधि अजय सैनी उपस्थित थे।
उपयंत्री रीना गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को नपाध्यक्ष श्रीमती यादव द्वारा सब्जी मंडी का निरीक्षण किया गया। साथ ही उनके निर्देश पर तत्काल जहां पानी भरा रहा था वहां पर फिलिंग कराई गई।

