

नर्मदापुरम / सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आवास सुविधाओं का विस्तार तथा स्थानीय नागरिकों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा होम स्टे योजना के अंतर्गत उज्जैन में 30 जुलाई को एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागियों को ‘मध्यप्रदेश होम स्टे योजना’ की विस्तृत जानकारी, योजना के महत्व, आवेदन एवं पंजीयन की सरल प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक अर्हताओं, योजना से मिलने वाले आर्थिक एवं व्यावसायिक लाभों तथा पंजीयन के उपरांत उपलब्ध सुविधाओं एवं संबंधित दायित्वों की जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को होम स्टे योजना से जोड़कर पर्यटन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देना और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को सशक्त बनाना है।
होम स्टे पंजीयन से खुलेंगे आय के नए द्वार….
उज्जैन के ऐसे नागरिक जिनके घर में अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध हैं या जो मध्यप्रदेश होम स्टे योजना की पात्रता पूरी करते हैं, वे इस योजना में पंजीयन कर पर्यटन से जुड़कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। कार्यशाला में प्रतिभागियों को होम स्टे योजना की पात्रता, पंजीयन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, मिलने वाले लाभ तथा संचालन संबंधी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से दी जाएंगी, जिससे वे योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार और आय के नए अवसर प्राप्त कर सकें।
मध्यप्रदेश में लगभग 600 होम स्टे की पंजीकृत इकाई….
पर्यटकों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय जीवनशैली का प्रामाणिक अनुभव उपलब्ध कराने, प्रदेश में अतिरिक्त आवासीय सुविधाओं का विस्तार करने, पर्यटन क्षेत्र में निजी भागीदारी को बढ़ावा देने तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और आय के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा होम स्टे योजना का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 600 होम स्टे इकाइयां पंजीकृत हैं, जिनमें से 101 पंजीकृत होम स्टे उज्जैन शहर में संचालित हो रहे हैं। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा वर्ष 2019 (संशोधित 2026) की नियमावली के अंतर्गत मध्यप्रदेश होम स्टे स्थापना, मध्यप्रदेश बेड एंड ब्रेकफास्ट स्थापना, मध्यप्रदेश फार्म स्टे स्थापना तथा मध्यप्रदेश ग्राम स्टे स्थापना जैसी चार योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को पर्यटन आधारित उद्यम से जोड़कर अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

