
नर्मदापुरम / डोंगरवाड़ा ग्रामीण अंचल के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज ग्राम पंचायत डोंगरवाड़ा में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के तत्वावधान तथा आरोह फाउंडेशन के बैनर तले एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता सामुदायिक शिविर का सफल आयोजन किया गया। बैंकिंग योजनाओं और साइबर सुरक्षा पर जोर शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को बैंकिंग तंत्र से जुड़ने और अपनी जमा पूंजी को सुरक्षित रखने के गुर सिखाए। कार्यक्रम में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही, डिजिटल बैंकिंग को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए R-KYC, बैंक खातों को DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) से लिंक कराने तथा नामांकन (Nomination) की अनिवार्यता पर प्रकाश डाला गया।
1930 नंबर से मिलेगी साइबर फ्रॉड में मदद…..
बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड पर चिंता व्यक्त करते हुए शिविर में ग्रामीणों को सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के तरीके बताए गए। मुख्य वक्ताओं ने किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, ताकि समय रहते आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।
विशेषज्ञों और अतिथियों की उपस्थिति कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) एवं बैंक बीसी सुदामा उपस्थित रहे। विषय विशेषज्ञ के रूप में आरोह फाउंडेशन के ब्लॉक समन्वयक कमलेश गढ़वाल ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्लॉक समन्वयक अंकुर दुबे तथा स्थानीय आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने विशेष सहयोग प्रदान किया।
भविष्य में भी ऐसे शिविरों की मांग कार्यक्रम की सराहना करते हुए ग्राम पंचायत सचिव ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता की बेहद आवश्यकता है। इस प्रकार के आयोजनों से न केवल ग्रामीणों में बैंकिंग ज्ञान बढ़ता है, बल्कि वे फ्रॉड से भी बच पाते हैं।”उन्होंने सेंट्रल बैंक और आरोह फाउंडेशन से भविष्य में भी डोंगरवाड़ा पंचायत में समय-समय पर ऐसे साक्षरता शिविर आयोजित करने की अपील की।

