

नर्मदापुरम / मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मध्य प्रदेश टूरिज्म क्वीज-2026 के लिए ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2026, शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन ने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों का समय-सीमा के भीतर पंजीयन सुनिश्चित कराने की अपील की है।
जिले की जिला स्तरीय मध्य प्रदेश टूरिज्म क्वीज-2026 का आयोजन 7 अगस्त 2026 को शासकीय गृहविज्ञान अग्रणी महाविद्यालय, नर्मदापुरम में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासत, कला, प्राकृतिक संपदा एवं वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रदेश की समृद्ध पर्यटन धरोहर से उन्हें परिचित कराना है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी महेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्यों से अपने-अपने विद्यालय से तीन विद्यार्थियों का चयन कर उनका ऑनलाइन पंजीयन 25 जुलाई 2026, शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से कराने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता से यह प्रतियोगिता पर्यटन जागरूकता और ज्ञानवर्धन का प्रभावी माध्यम बनेगी।
विद्यार्थियों के पंजीयन के लिए ऑनलाइन लिंक: https://www.mptourism.com/tourismquiz2026/schools/ सभी विद्यालय निर्धारित समय-सीमा के भीतर उक्त लिंक पर अपने चयनित विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीयन सुनिश्चित करें।

