



नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सोमवार को केंद्रीय जेल, नर्मदापुरम खण्ड-(अ) का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल परिसर में पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक वनीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेल के बंदियों से अधिक से अधिक सीड बॉल तैयार करवाने एवं उनका व्यापक स्तर पर प्रसार कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने जेल परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने महिला बंदियों द्वारा संचालित स्व-सहायता समूह के कार्यों एवं उनके द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों का अवलोकन किया तथा उनकी सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बंदियों के पुनर्वास, आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने इस दौरान जेल परिसर में आंवले के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने जेल में निरुद्ध बंदियों को दिए जा रहे कौशल विकास प्रशिक्षण की भी जानकारी ली तथा महिला बंदियों के आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बंदियों को रोजगारपरक गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक संतोष सोलंकी, उप जेल अधीक्षक प्रहलाद सिंह वरकड़े, सहायक जेल अधीक्षक संतोष हरियाल, सहायक जेल अधीक्षक ऋतुराज सिंह दांगी, सहायक जेल अधीक्षक अर्पित चौधरी सहित जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

