



नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल द्वारा दिनांक 17/07/26 को स्काउट एवं गाइड विभाग द्वारा आदमगढ़ हिल्स (बड़ी पहाड़िया), रसूलिया में एक दिवसीय शैक्षणिक एवं साहसिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, साहस, टीम भावना, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक सेवा की भावना का विकास करना था।
शैक्षणिक भ्रमण का शुभारंभ प्रातः 8:00 बजे विद्यालय परिसर से हुआ। इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के 118 छात्र-छात्राओं एवं 8 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भ्रमण का सफल संचालन एवं नेतृत्व स्काउट एवं गाइड प्रभारी श्री व्योमकेश मौर्य द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बी. एल. चौरे (स्टेट ऑर्गेनाइजेशन कमिश्नर) नर्मदापुरम की उपस्थिति गरिमामयी रही। मुख्य अतिथि श्री चौरे ने विद्यार्थियों को स्काउट एवं गाइड के आदर्शों, कर्तव्यों एवं जीवनोपयोगी मूल्यों से परिचित कराया तथा उन्हें राष्ट्र सेवा एवं समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
आदमगढ़ हिल्स पहुँचने पर सभी विद्यार्थियों ने स्काउट एवं गाइड प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात प्राकृतिक वातावरण में ट्रेकिंग, प्रेरणादायक एवं देशभक्ति गीतों का सामूहिक गायन तथा स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को आदमगढ़ की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहर का अवलोकन कराया गया। साथ ही स्काउट एवं गाइड के उद्देश्य, सिद्धांत, लाभ एवं जीवन में उनके महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व, अनुशासन एवं प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का प्रभावी विकास किया।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने इस सफल आयोजन के लिए स्काउट एवं गाइड विभाग के प्रभारी व्योमकेश मौर्य, स्काउट प्रशिक्षक गणेश भैसारे एवं समस्त सहयोगी शिक्षकों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को उनके अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
यह एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अविस्मरणीय अनुभव सिद्ध हुआ एवं इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया।

