
नर्मदापुरम / शासकीय गृहविज्ञान अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. संगीता अहिरवार के मार्गदर्शन में क्रीड़ा विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर तथा जिला पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में ’नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान के अंतर्गत नशामुक्ति व्याख्यान एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भारती दुबे, गायत्री परिवार से यू. के. सिंह, एस. के. विश्वकर्मा, महिला प्रधान आरक्षक मनीषा धुर्वे, प्रधान आरक्षक संजय यादव अतिथियो का कार्यक्रम के संयोजक डॉ. धर्मेंद्र सिंह द्वारा स्वागत किया गया।
महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. भारती दुबे ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें, तो वे स्वयं, अपने परिवार और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। गायत्री परिवार के यू. के. सिंह ने अपने व्याख्यान में कहा कि नशा व्यक्ति की सोच, स्वास्थ्य और संस्कारों को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छी संगति अपनाने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा नैतिक मूल्यों के साथ जीवन जीने का संदेश दिया।
सिटी कोतवाली से महिला प्रधान आरक्षक मनीषा धुर्वे ने छात्राओं को नशे से संबंधित अपराधों, साइबर अपराधों तथा उनके सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सजगता, आत्मविश्वास और सही निर्णय ही सुरक्षित एवं सफल जीवन की आधारशिला हैं।
प्रधान आरक्षक संजय यादव ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले कानूनी परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के भविष्य को अंधकारमय बना देता है। उन्होंने युवाओं से कानून का सम्मान करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं एवं उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्राध्यापक डॉ. आर. के. चौकीकर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में आयोजन समिति से एनसीसी अधिकारी श्रीमती मनीषा बाघमारे, डॉ. कीर्ति दीक्षित, डॉ. रीना मालवीय एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी सुश्री काजल बाथरे एवं पूजा गोस्वामी, डॉ. दुर्गेश तेली, डॉ. प्रेमकांत कटंगकार, सुश्री काजोल सेन, डॉ. नारायण उपरेलिया तथा सिटी कोतवाली से महिला आरक्षक प्रतिज्ञा, आरक्षक कपिल एवं महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रही।

