

इटारसी / न्यास कॉलोनी स्थित समरसता नगर बस्ती में रहने वाले लगभग 5 वर्षीय बालक को करंट लगने से उसके हाथ एवं पैर में गंभीर चोटें आ गईं। घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता सिद्धार्थ महेश आर्य तत्काल मौके पर पहुंचे और बालक को अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार एवं पट्टी कराई।
जानकारी के अनुसार बालक अत्यंत गरीब परिवार से है तथा उसके घर वाले भीख मांगकर अपना जीवनयापन करते हैं। आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण परिवार के लिए उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कर पाना बेहद कठिन है।
उपचार के बाद अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्य ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से चर्चा कर बालक की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान पता चला कि बालक के पास आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण उसका विद्यालय में प्रवेश नहीं हो पा रहा है।
अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्य ने बताया कि बालक के आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज बनवाने के लिए जिला कलेक्टर महोदय को आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने का अनुरोध किया जाएगा, ताकि बालक का शीघ्र विद्यालय में प्रवेश कराया जा सके और उसकी शिक्षा बाधित न हो।
उन्होंने बताया कि बालक की शिक्षा का पूरा खर्च उनकी टीम एवं उनके मित्र मिलकर वहन करेंगे। साथ ही विद्यालय में प्रवेश से लेकर आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने तक हरसंभव सहयोग किया जाएगा, ताकि यह मासूम भी पढ़-लिखकर अपने जीवन में आगे बढ़ सके और समाज में अपनी अलग पहचान बना सके।
अधिवक्ता सिद्धार्थ महेश आर्य ने कहा कि समाज का प्रत्येक सक्षम व्यक्ति यदि किसी एक जरूरतमंद बच्चे का हाथ थाम ले, तो उसका भविष्य बदला जा सकता है। शिक्षा ही वह सबसे बड़ा माध्यम है, जो किसी भी बच्चे को गरीबी और अभाव से निकालकर सम्मानजनक जीवन की ओर ले जाती है।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी बालक को शासन की योजनाओं से जोड़ने तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

